
बिक्रमगंज (रोहतास) शहर के अंजबीत सिंह महाविद्यालय में सेवा निवृत हुए कर्मियों का सम्मान सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह और धन्यवाद ज्ञापन संघ के सचिव अक्षय कुमार प्यारे ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सह प्रशासक दिलीप कुमार ने कहा कि सेवानिवृत्त होना एक प्रक्रिया है और एक न एक दिन सबको इस प्रक्रिया से गुजरना होता है। लेकिन सेवा अवधि में आपके द्वारा किए गए कार्यों को हमेशा याद रखा जाता है। विदाई समारोह एक भावनात्मक पल होता है, सभी अपनी भावनायें व्यक्त करते हैं। अगर किसी बात को लेकर एक दूसरे से मतभेद भी होता है तो ऐसे वक्त पर भूल जाते हैं और भूलना चाहिए। प्रशासक ने इस आयोजन के संघ के अध्यक्ष और सचिव के साथ ही सभी कर्मी को बधाई दी और कहा कि वर्षों से बंद रहे इस तरह का आयोजन करने के लिए सबकी सराहना की। समारोह में सभी शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित थे। विदाई सह सम्मान समारोह में करिया राम, बिंदेश्वरी सिंह, अब्दुल क्यूम खान, अर्यमा कुमार और दिनेश कुमार सिंह शामिल है। प्रशासक ने कहा कर्मियों की संख्या स्वीकृत पद के अनुरूप काफी कम है। एक साथ पांच कर्मियों के सेवा निवृत होने के कारण यह संख्या और कम हो जाएगी। इसलिए जो कर्मी अनुबंध पर कार्य करने के लिए आवेदन देंगे तो वे विश्विद्यालय की अनुमति से उनकी सेवा लेंगे। शेष बचे कर्मियों से उन्होंने कहा कि आप पर काम का बोझ और बढ़ेगा। लेकिन हमे मालूम है आप कार्यकुशल हैं और मेहनत से काम कर सकते हैं।
