
डिजिटल टीम, डेहरी ऑन सोन। डेहरी डालमियानगर नगर परिषद ने बोर्ड की बैठक में आय व्यय का बजट पास कर दिया है। मुख्य पार्षद शशि कुमारी की अध्यक्षता में मंगलवार को बैठक हुई। इस दौरान शहरी क्षेत्र के विकास के लिए संबंधित बजट को मंजूरी दी गई। इस दौरान उप मुख्य पार्षद रानी देवी, कार्यपालक पदाधिकारी रमन कुमार के साथ ही वार्ड पार्षद मौजूद थे। मुख्य पार्षद शशि कुमारी ने कहा कि शहर के विकास के लिए बड़ी पहल की गई है। घाटा रहित बजट से विकास को बल मिलेगा। इस बजट को पहले ही सशक्त स्थाई समिति ने मंजूरी दे दी थी। इस बैठक में विधायक प्रतिनिधि धनंजय यादव, पार्षद रवि शेखर, कलावती देवी, संतोष उपाध्याय, सोनू चौधरी, रितु हजारीका सहित अन्य मौजूद थे।
जानिए किस मद में कितनी खर्त होगी धनराशि
नप सूत्रों के अनुसार, शहरी क्षेत्र में गरीबों को घर बनाने के लिए 25 करोड़ के खर्च का प्रावधान किया गया है। जबकि शहरी इलाके में सड़कों के निर्माण पर 18 करोड़, ड्रेनेज और सीवरेज के लिए 14 करोड़ खर्च करने के लिए मंजूरी मिली है। अन्य जरूरी निर्माण और नागरिक सुविधाओं के लिए 2.35 करोड़, आधारभूत संरचना मरम्मत एवं रखरखाव पर 1.56 करोड़ रुपए तथा बिल्डिंग के रखरखाव पर 1.63 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। नागरिकों के लिए जरूरी घाट निर्माण पर भी 2.76 करोड़ रुपए खर्च किया जाएगा। इसके अलावा शहर में स्टेडियम और जिम बनाने के लिए 6.60 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
बोर्ड ने शहर के कई इलाकों में शौचालय निर्माण करने का निर्णय लिया है। जिसके लिए 2 करोड़ 20 लाख रुपए का बजट पास किया गया है। वहीं, विशेष सफाई अभियान पर खर्च करने के लिए करीब 55 लाख रुपए को मंजूरी दी है। गर्मी के दिन में प्यास बुझाने के लिए प्याऊ निर्माण के लिए 16.5 लाख रुपए और जल आपूर्ति प्रणाली पर 1.66 करोड़, एनयूएलएल पर 1 करोड़ 10 लाख तथा कबीर अंत्येष्टि मद में 39.60 लाख रुपए को मंजूर किया है।
अधिकारियों का कहना है कि स्थापना व्यय 13.17 करोड़, प्रशासनिक व्यय 2.20 करोड़, संचालन एवं अनुरक्षण में 28.38 करोड़ सहित पूंजीगत निर्माण पर 64.90 करोड़ व कार्यक्रम व्यय 31.39 करोड़ रुपए को मंजूर किया है।