
बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल- 2 के मैदान में सोमवार को महिला प्रशिक्षु सिपाहियों का दीक्षांत पारण परेड समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बीसैप के डीजी ए के अंबेडकर ने परेड की सलामी ली और निरीक्षण किया। इस पासिंग आउट परेड के साथ ही 1124 महिला सिपाहियों का करीब नौ महीने से चल रहा प्रशिक्षण आज पूरा हो गया। अब वो राज्य के किसी भी हिस्से में तैनाती के लिए तैयार हैं। महिला सिपाहियों का जत्था धीरे-धीरे अपने वाहिनी लौट जाएंगी और अपने कर्तव्यों का उन्हें पालन करना होगा।
इस पारण परेड में बीसैप के डीआईजी विनोद कुमार, शाहाबाद रेंज के डीआईजी नवीन चंद्र झा, रोहतास एसपी विनीत कुमार, बीसैप कमांडेंट लिपि सिंह भी मौजूद थीं। डीजी की आगवानी कमांडेंट लिपि सिंह ने किया इसके बाद उन्होंने परेड की सलामी ली। इस मौके पर विशाल परेड ग्राउंड में प्रशिक्षण प्राप्त महिला सिपाहियों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम हुआ। उन्हें एके 56 से लेकर लाठी चार्ज तक कि ट्रेनिंग दी गई है। बीसैप दो परिसर में दिसंबर 2022 से कुल 1124 महिला सिपाही प्रशिक्षण प्राप्त कर रही थीं। इस दौरान उन्हें प्रत्येक प्रकार के हथियार संचालन का प्रशिक्षण दिया गया है।