
डेहरी-ऑन-सोन। बिहार के रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के अलग अलग तीन जगहों पर शनिवार को हुई बज्रपात में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन मजदूर और एक बच्चा है। गोटपा नहर पुल के पास आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। जिसमें एक की हालत गंभीर बताई जाती है। सभी लोग गोटपा के ही निवासी हैं और जब आकाशीय बिजली कड़कते हुए गिरी तब ये लोग नहर पुल के पास एक छायादार पेड़ के नीचे अचानक आई वारिश से बचने के लिए बैठे थे। ये सभी लोग मजदूर हैं और मजदूरी करके लौटने के क्रम में वहां पेड़ के नीचे बने चबूतरे पर हल्की बारिश के कारण बैठे थे। ग्रामीण राजेश्वर सिंह ने बताया कि मृतक गोटपा निवासी दीनानाथ साह का 35 वर्षीय पुत्र अरबिंद साह और दूसरा विगु राम उर्फ मड़ई का 40 वर्षीय पुत्र ओम प्रकाश कुमार है। वहीं इसी गांव के रामाश्रय सिंह का 32 वर्षीय पुत्र कंचन सिंह, बाल केश्वर साह 50 वर्षीय पुत्र बुधु साह और स्व लक्षमण रजवार का 35 वर्षीय पुत्र मुन्ना रजवार घायल हैं। जिसमे दो लोगों को स्थानीय लोग व परिजन इटिम्हा स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले गए हैं। जबकि कंचन सिंह कम जख्मी हैं और उनका इलाज काराकाट के एक निजी क्लिनिक में हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक अरुण कुमार, बिक्रमगंज के सीओ रजत कुमार वर्णवाल, थानाध्यक्ष ललन कुमार घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। मोहनी गांव में भी आकाशीय बिजली गिरने से एक 8 वर्षीय बालक अभिषेक कुमार की मौत हो गई। वह मूल रूप से बक्सर जिला के धनसोइ थाना क्षेत्र के उधोपुर का निवासी मुन्ना सिंह का पुत्र है। वह अपने फूफा मोहनी निवासी उमेश यादव के घर रह कर बिक्रमगंज में पढ़ता था। सीओ रजत कुमार वर्णवाल ने बताया कि निंगा गांव में भी सड़क निर्माण में लगे एक मजदूर की मौत आकाशीय बिजली गिरने से हो गई। मृतक अयोध्या चौधरी का 23 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार नोखा थाना क्षेत्र के लेवड़ा का निवासी है। थानाध्यक्ष ललन कुमार ने बताया कि तीन शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।