
सासाराम (रोहतास) अवधूत भगवान राम महाविद्यालय में शुक्रवार को शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर प्राचार्य डॉ विनोद कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक आहूत की गई। महाविद्यालय पहुंचने पर शिक्षकों ने माला डालकर प्राचार्य का स्वागत किया। महाविद्यालय के प्राचार्य 11 जून को योगदान करने के बाद मुख्य द्वार पर तालाबंदी के कारण महाविद्यालय के गेट से ही प्राचार्य का कार्य करते आ रहे थे। जिसकी सूचना विश्वविद्यालय एवं जिला प्रशासन को दे दिया था। प्राचार्य ने विगत दिनो महाविद्यालय में आयोजित अवैध धरना-प्रदर्शन को लेकर शिक्षक तथा कर्मचारियों से उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना तथा पूरे परिसर में घूम कर महाविद्यालय की समस्याओं को कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त किया। जिसके तहत समरसेबल खराब होने की समस्या को तत्काल बनाने का आदेश जारी किया। कॉलेज भ्रमण के दौरान बबन सिंह, विजय कुमार सिंह, रजनीश सिंह, शशि कुमार, राजीव कुमार, मानवाधिकार के जिला अध्यक्ष ई नवीन सिन्हा एवं अन्य शिक्षक तथा शिक्षकेतर कर्मचारी शामिल थे। मानवाधिकार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष इं नवीन सिन्हा ने कहा कि शिक्षाविद डॉ बिनोद कुमार सिंह को अवधूत भगवान राम महाविद्यालय का स्थाई प्राचार्य बनाए जाने से शैक्षणिक माहौल में सुधार एवं अनुशासन कायम होगा। वहीं बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के गोरखनाथ लाल ने कहा कि डॉ विनोद कुमार सिंह अनुशासन से कोई समझौता नहीं करते हैं। महाविद्यालय में वर्तमान समय में अनुशासन कायम करना प्राचार्य की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।