
सारण, 14 मार्च (हि.स.)। जिले में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में है।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात थाना की टीम ने मुख्य रूप से उन वाहनों को निशाना बनाया जो सड़क किनारे अवैध रूप से पार्क किए गए थे और जाम का कारण बन रहे थे। टोइंग मशीन की मदद से 21 दोपहिया वाहनों को जब्त कर यातायात थाना लाया गया।
पुलिस ने इन वाहनों सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 56,000 का अर्थदंड वसूला। जांच के दौरान हेलमेट न पहनने, सीट बेल्ट के बिना वाहन चलाने और गलत दिशा में ड्राइविंग करने वालों पर भी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें। यातायात नियमों का पालन कर खुद को और दूसरों को सुरक्षित रखें।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह विशेष अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार
