कांकेर, 16 मार्च (हि.स.)। स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए कांकेर पुलिस ने व्हाट्सएप आधारित पुलिस शिकायत पोर्टल शुरू किया है। अब नागरिक घर बैठे ही अपने मोबाइल फोन से व्हाट्सएप के माध्यम से आसानी से शिकायत दर्ज कर सकेंगे और उसकी स्थिति की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।

पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में शुरू की गई इस सुविधा के तहत जारी नंबर 94791-55125 पर “Hi” या “नमस्ते” लिखकर मैसेज भेजने पर दो विकल्प मिलेंगे। शिकायत दर्ज करना और दर्ज शिकायत की स्थिति देखना। शिकायत दर्ज करने के लिए एक लिखकर भेजना होगा, जिसके बाद आवश्यक जानकारी लेकर शिकायत दर्ज की जाएगी। कांकेर पुलिस के अनुसार सभी शिकायतों की निगरानी डिजिटल मॉनिटरिंग डैशबोर्ड के माध्यम से की जाएगी, जिससे शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। पुलिस प्रशासन ने जिले के नागरिकों से इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे
