शिमला, 16 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में आज रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसका असर 17 से 19 अप्रैल के बीच पूरे प्रदेश में देखने को मिलेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार इस दौरान कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि, तेज हवाएं और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। खासतौर पर 17 अप्रैल को कुल्लू, कांगड़ा, मंडी और चंबा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक शोभित कटियार ने बताया कि इन चार जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। वहीं ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और शिमला जिलों में इसी दिन तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 18 और 19 अप्रैल को भी कुल्लू, कांगड़ा, मंडी और चंबा जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। 20 अप्रैल को भी मौसम खराब रहेगा, जबकि 21 अप्रैल से मौसम साफ होने की उम्मीद है।
इस बीच प्रदेश में न्यूनतम तापमान में भी बदलाव दर्ज किया गया है। शिमला में बीती रात न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है। खास बात यह रही कि शिमला का रात का तापमान मैदानी क्षेत्र ऊना (14 डिग्री) से भी अधिक रहा, जिससे शिमला की रातें मैदानों से भी गर्म महसूस की गईं। मनाली का न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक है।
प्रदेश में अन्य प्रमुख शहरों के न्यूनतम तापमान पर नजर डालें तो केलांग 1.0, ताबो 3.4, कुकुमसेरी 4.2, कल्पा 5.8, सराहन 9.1, सेओबाग 9.7, कुफरी 9.8, सोलन 10.5, भुंतर 11.0, बरठीं 11.0, सुंदरनगर 12.8, ऊना 14.0, मंडी 14.2, बिलासपुर 14.5, पालमपुर 15.5, जुब्बड़हट्टी 15.5, कांगड़ा 15.7, नाहन 15.9, पांवटा साहिब 18.0 और देहरा गोपीपुर 20.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज शिमला और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए हुए हैं, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम साफ है।
मौसम विभाग के अनुसार इस पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 17 से 19 अप्रैल के बीच तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है, जबकि 19 अप्रैल के बाद फिर से तापमान बढ़ सकता है।
उधर मौसम विभाग ने इस वर्ष मानसून सीजन के दौरान भी सामान्य से कम बारिश होने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार केवल लाहौल-स्पीति जिले में सामान्य से अधिक वर्षा हो सकती है, जबकि हमीरपुर, किन्नौर और चंबा के कुछ हिस्सों में सामान्य वर्षा का अनुमान है। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मानसून कमजोर रहने की आशंका है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
