धमतरी, 17 अप्रैल (हि.स.)।प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के फेस चार के तहत राज्यभर में सड़कों के निर्माण का सिलसिला तेज हो गया है। इसी कड़ी में धमतरी जिले की दो महत्वपूर्ण सड़कों का आनलाइन भूमि पूजन किया गया, जिससे ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 774 सड़कों का भूमि पूजन किया। इन सड़कों की कुल लंबाई 2426.875 किलोमीटर है और निर्माण पर लगभग 2225.44 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस योजना में धमतरी जिले की 11.45 किलोमीटर लंबी दो सड़कें शामिल हैं, जिनके निर्माण के लिए 752.27 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इन सड़कों के बन जाने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा और सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
धमतरी कलेक्ट्रेट में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सर्वा ने इन दोनों सड़कों का विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष अंगीरा ध्रुव, विधायक प्रतिनिधि, पंच-सरपंच, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गजेन्द्र ठाकुर, कार्यपालन अभियंता पीएमजीएसवाई योगेश आनंद सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर अरुण सार्वा ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत ये सड़कें ग्रामीण अंचलों के विकास की नई राह खोलेंगी। बेहतर सड़क संपर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच आसान होगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, विधायक गोमती साय और रायमुनी भगत सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। इस दौरान मोर गांव मोर पानी मोर तरिया महाअभियान का शुभारंभ भी किया गया, जिसका उद्देश्य जल संरक्षण और ग्रामीण संसाधनों के सुदृढ़ प्रबंधन को बढ़ावा देना है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
