सुपौल, 21 अप्रैल (हि.स.)। जिले के नदी थाना क्षेत्र से लापता 10 वर्षीय बालक का शव सोमवार देर शाम कोसी पलार से बरामद किया गया। जलकुंभी में फंसी लाश की पहचान परिजनों ने राम कृष्ण पंडित के रूप में की है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार शव किशनपुर थाना क्षेत्र के कोसी पलार इलाके से मिला है, जबकि बालक नदी थाना क्षेत्र के कदमहा पंचायत के वार्ड संख्या 7 से लापता हुआ था। बच्चे के लापता होने की सूचना मिलने के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर निर्मली और मरौना थाना सहित कई पुलिस टीमों को खोजबीन में लगाया गया था।
बताया जा रहा है कि कटैया गांव निवासी रणवीर पंडित का बेटा राम कृष्ण पंडित शनिवार को स्कूल से लौटने के बाद घर के पास स्थित आम के बगीचे में खेल रहा था। उसी दौरान पास में मिट्टी भराई का कार्य चल रहा था, जहां ट्रैक्टरों का लगातार आना-जाना हो रहा था। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से बच्चे की मौत हो गई और चालक ने साक्ष्य छिपाने के लिए शव को वहां से हटा दिया।
घटना के बाद बगीचे में कई स्थानों पर खून के धब्बे भी पाए गए थे, जिससे आशंका और गहरा गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की थी। फॉरेंसिक टीम से भी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया कराई गई।
इधर, शव बरामद नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया था। लोगों ने करीब दो घंटे तक पुलिस टीम को घटनास्थल पर ही रोककर शव की बरामदगी की मांग की थी। बाद में एसडीपीओ के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई।
सोमवार शाम कोसी पलार से शव बरामद होने के बाद पुलिस ने पहचान की पुष्टि की। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र
