
सुपौल, 21 अप्रैल (हि.स.)। जिले में तेज रफ्तार का कहर एक परिवार की खुशियां छीन ले गया। दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक किशनपुर थाना क्षेत्र के फुलवरिया वार्ड संख्या-16 निवासी 29 वर्षीय अनिल कुमार यादव के रूप में की गई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

बताया जा रहा है कि अनिल कुमार यादव अपने एक रिश्तेदार के यहां खाप टोला में आयोजित निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह देर शाम अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनिल कुमार यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
उधर, जैसे ही इस दुखद घटना की खबर मृतक के परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। परिजन तुरंत सदर अस्पताल सुपौल पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
मृतक अनिल कुमार यादव अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। वह अपने पीछे पत्नी विभा देवी और दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है। मृतक का बड़ा बेटा करीब ढाई वर्ष का है, जबकि छोटी बेटी की उम्र महज एक वर्ष बताई जा रही है। इतनी कम उम्र में बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाना पूरे समाज को झकझोर देने वाली घटना बन गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की वजह से इस तरह के हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। साथ ही दूसरी बाइक सवार की स्थिति के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से सड़क पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र
