
सासाराम (रोहतास) जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी रोहतास नवीन कुमार की अध्यक्षता में अर्हता तिथि 01.01.2024 के आधार पर निर्वाचक सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2024 के संदर्भ में सोमवार को राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के अध्यक्ष /सचिवों के साथ बैठकआयोजित की गई। जिसमें बताया गया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2024 के अन्तर्गत दिनांक 27.10.2023 से दिनांक 09.12.2023 तक परिवर्धन, संशोधन एवं विलोपन हेतु आवेदन पत्र प्राप्त किये जाने है तथा दिनांक 05.01.2024 को निर्वाचक सूची का अंतिम प्रकाशन किया जायेगा। अर्हता तिथि 01.01.2024 के अतिरिक्त अर्हता तिथि 01.04.2024, 01.07.2023 एवं 01.10.2023 के आधार पर परिवर्द्धन हेतु अग्रिम आवेदन प्राप्त किये जायेंगे, जो ससमय निष्पादित होंगे। निर्वाचक सूची में युवा वर्ग, महिलाओं, पीडब्लूडी निर्वाचक तथा कमजोर वर्ग के व्यक्तियों का नाम जोड़ने हेतु विशेष प्रयास किये जाने की आवश्यकता पर बल दिया गया ताकि कोई अर्ह व्यक्ति अपंजीकृत न रह जाये तथा स्वास्थ्य एवं त्रुटिरहित निर्वाचक सूची का निर्माण हो सके। प्रपत्र – 6 के माध्यम से नवपंजीकरण तथा प्रपत्र-7 के द्वारा नाम मे आपत्ति दर्ज की जायेगी तथा प्रपत्र – 8 के से माध्यम से निर्वाचक सूची में निर्वाचक की प्रविष्टि में संशोधन किया जा सकता है। साथ ही, प्रपत्र – 8 के माध्यम किसी निर्वाचक के नाम का स्थानांतरण (एक विधानसभा के अन्तर्गत तथा किसी दूसरी विधानसभा मे भी) किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त प्रपत्र – 8 के माध्यम से कोई निर्वाचक अपने को पीडब्लूडी के रूप में चिन्हित कर सकता है। पीडब्लूडी चिन्हिकरण हेतु किसी दिव्यांगता प्रमाण पत्र की आवश्यकता नही है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा उपस्थित राजनैतिक दलों के अध्यक्ष / सचिवों को प्रारूप निर्वाचक सूची का विश्लेषण एवं अवलोकन करने का अनुरोध किया गया। साथ ही, यदि किसी अर्ह व्यक्ति का नाम निर्वाचक सूची दर्ज नहीं है, गलत दर्ज है या किसी व्यक्ति का नाम दो जगह पर अंकित है या मृत व्यक्ति का नाम अंकित है तो इसकी सूचना संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी / सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को दे सकते है। इसकी जॉच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी। उक्त बैठक में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष सुशील सिंह, इंडियन नेशनल कॉग्रेस के जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह, कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (एम), जिला सचिव, मो० सत्तार अंसारी, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अरूण कुमार सिंह, राष्ट्रीय जनता दल के जिलाध्यक्ष रामचन्द्र ठाकुर, जनता दल यूनाईटेड के जिलाध्यक्ष अजय सिंह कुशवाहा, राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार मिन्टू एवं कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (एम०एल०), जिला सचिव श्री नंद किशोर पासवान उपस्थित रहें।