पश्चिमी सिंहभूम, 16 अप्रैल (हि.स.)।

पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत चाँदबुनिया गांव में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें कुल्हाड़ी से किए गए हमले में एक युवक की मौत हो गई। घटना 15 अप्रैल की है, जहां गांव के ही माधो हेस्सा ने सागु हेम्ब्रम पर अचानक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सागु हेम्ब्रम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुमारडुंगी में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी गुरुवार को जगन्नाथपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राफेल मुर्मू ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि इस मामले में चाँदबुनिया गांव निवासी दुलु हेम्ब्रम के फर्दबयान के आधार पर कुमारडुंगी थाना में कांड संख्या 11/2026 दर्ज किया गया है। मामला भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 103(1) के तहत पंजीकृत किया गया है।
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी शाखा की मदद से तेजी से कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी माधो हेस्सा को घटना के दिन ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
पुलिस ने आटोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का टांगी भी बरामद कर जब्त कर लिया है। इस पूरे मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है और अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राफेल मुर्मू के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक बासुदेव मुण्डा, थाना प्रभारी सुनील कुमार चौधरी, अनुसंधानकर्ता मिलन करमाली सहित कुमारडुंगी थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
