सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश

हरिद्वार, 15 अप्रैल (हि.स.)। आगामी चारधाम यात्रा सीजन को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था और नियमों के पालन को सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से बुधवार काे हरिद्वार पुलिस ने टैक्सी यूनियनों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक की अध्यक्षता ट्रैफिक पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) विपेंद्र कुमार ने की। बैठक में हरिद्वार क्षेत्र की सभी टैक्सी यूनियनों के पदाधिकारी, वाहन स्वामी एवं चालक शामिल हुए। बैठक में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा करते हुए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी वाहन चालकों और यूनियन पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे प्रशासन के जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।
पुलिस अधिकारियों ने निर्देश दिया कि सभी टैक्सी एवं व्यावसायिक वाहनों में निर्धारित किराया सूची (रेट लिस्ट) अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें, ताकि यात्रियों से मनमानी वसूली राेकी जा सके। इसके साथ ही प्रत्येक वाहन में फर्स्ट-एड बॉक्स रखना भी अनिवार्य किया गया।
बैठक में निर्देशित किया गया कि वाहन चालक यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें और किसी भी स्थिति में ओवरलोडिंग न करें। चालकों को यात्रियों के साथ शालीन, सहयोगात्मक और मधुर व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी भी चालक या वाहन स्वामी ने नियमों का उल्लंघन या लापरवाही बरती जाती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी
उल्लेखनीय है कि इस साल चारधाम यात्रा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। हरिद्वार को यात्रा का प्रमुख प्रवेश द्वार माना जाता है, ऐसे में यहां यातायात व्यवस्था और यात्रियों की सुविधा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। बैठक में प्रभारी यातायात निरीक्षक संदीप सिंह नेगी, परिवहन कर अधिकारी रविंद्र सैनी सहित टैक्सी यूनियनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
