नई दिल्ली, 06 फ़रवरी (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने जनकपुरी में दिल्ली जल बोर्ड के खुदे हुए गड्ढे में एक बाइक सवार की मौत पर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह लापरवाही से मौत का मामला नहीं है, बल्कि प्रशासन द्वारा की गयी हत्या है। उन्होंने दिल्ली पुलिस और गृहमंत्री से इस हादसे से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज जारी करने की मांग की।

भारद्वाज ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि नोएडा में कुछ दिनों पहले सरकार और प्रशासन की लापरवाही की वजह से एक युवक की जान चली गई और आज जनकपुरी में भी यही हुआ। नोएडा में हुए हादसे के बाद भी सरकार ने कुछ नहीं सीखा और युवक की जान ले ली। उन्होंने कहा कि जिस जगह यह हादसा हुआ है, वह आशीष सूद का निर्वाचन क्षेत्र है। स्थानीय आरडब्ल्यूए गड्ढे को लेकर बार-बार प्रशासन से शिकायत कर रहे थे। मंत्री आशीष सूद सुबह घटनास्थल पर पहुंचे और दावा किया कि उन्होंने जांच की है और मौके पर सभी सावधानियां बरती गईं। वहां जाकर ऐलान कर दिया कि यहां सब कुछ ठीक था।
आआपा नेता भारद्वाज ने कहा कि सड़क में गहरे गड्ढे में एक मासूम बाइक सवार गिर कर फंस गया, रात भर पड़ा रहा और मर गया। मृतक के दोस्तों ने बताया कि वह 7 लोग रातभर ढूंढते रहे, पुलिस के पास उस युवक की लोकेशन थी लेकिन पुलिस ने युवक की लोकेशन परिवार को दी और तुरंत ही डिलीट कर दी। उन्होंने सवालिया लहजे में पूछा कि पुलिस क्या छिपाना चाहती है। भारद्वाज ने कहा कि इस मामले में प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है। मृतक के परिवार और दोस्त रात में 6 पुलिस थाने में मदद के लिए पहुंचे लेकिन पुलिस ने कोई मदद नहीं की।
भारद्वाज ने कहा कि युवक की मौत पर आज भी सरकार सिर्फ बयानबाजी कर रही है। जनकपुरी में हुई घटना ने सरकार और दिल्ली पुलिस की पोल खोल दी है। यह लापरवाही से मौत का मामला नहीं है, बल्कि यह प्रशासन द्वारा की गई हत्या है।
————-
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी
