लोहरदगा, 16 अप्रैल (हि.स.)।

सांसद सुखदेव भगत के नदिया स्थित आवासीय परिसर में गुरुवार को वंदे है सुंदर मम सखा नेतरहाट सदा के 71 वें बैच के सभी मित्रों का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर देश के विभिन्न प्रतिष्ठित पदों पर कार्य कर चुके कई गणमान्य लोग शामिल हुए, जिनमें सीबीआई के पूर्व डायरेक्टर, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी, सेवानिवृत्त डीजीपी, आईपीएस अधिकारी, पूर्व एडीजीपी, पूर्व रॉ अधिकारी, पूर्व आयकर आयुक्त, पूर्व इंश्योरेंस हेड सहित कई अन्य शीर्ष अधिकारी उपस्थित थे।
ऐतिहासिक और ख्यातिप्राप्त नेतरहाट आवासीय विद्यालय के 71 वें बैच के साथियों के साथ सांसद सुखदेव भगत ने पुराने दिनों की यादों को ताजा करते हुए इस मिलन समारोह को यादगार बनाया। अपने सहपाठियों के स्वागत के लिए उन्होंने लोहरदगा से नेतरहाट तक विभिन्न स्थानों पर पोस्टर और बैनर भी लगवाए, जो इस आयोजन के प्रति उनके भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाता है।
इस मौके पर सांसद ने कहा कि नेतरहाट विद्यालय ने न सिर्फ उन्हें शिक्षा दी, बल्कि जीवन के मूल्यों, अनुशासन और सेवा भाव की सीख भी दी। आज इतने वर्षों बाद अपने सहपाठियों के साथ मिलना उनके लिए अत्यंत भावुक और गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग क्षेत्रों में रहकर सभी साथियों ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाने में अहम योगदान दिया है। सहपाठियों ने कहा कि नेतरहाट में बिताए गए दिन उनके जीवन के सबसे सुनहरे पल रहे हैं। आज भले ही सभी अलग-अलग क्षेत्रों और शहरों में रहे, लेकिन आपसी मित्रता और जुड़ाव हमेशा कायम रहा। उन्होंने सांसद सुखदेव भगत के इस आत्मीय स्वागत के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से पुरानी यादें फिर से जीवंत हो उठती हैं और आपसी संबंध और भी मजबूत होते हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोपी कृष्ण कुँवर
