राजगढ़, 15 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक की हत्या के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, एएसपी के.एल. बंजारे एवं एसडीओपी अरविंद सिंह राठौर के मार्गदर्शन में गठित टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने बुधवार को बताया कि 13 अप्रैल की रात फरियादी भारतसिंह गुर्जर निवासी भगवतीपुरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि करीब 9ः30 बजे उसके बेटे रामबाबू गुर्जर पर गांव के कच्चे रास्ते पर विशाल गुर्जर और होकम गुर्जर ने हमला किया। आरोप है कि दोनों आरोपितों ने पहले गोली मारी और फिर पत्थरों से सिर कुचलकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन घायल रामबाबू को तत्काल आरोग्य अस्पताल राजगढ़ ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हत्या का कारण पैतृक संपत्ति को लेकर चल रही पुरानी रंजिश थी। मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धारा 103(1), 3(5) बीएनएस तथा धारा 25, 27 आयुध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी इनपुट का उपयोग करते हुए महज 24 घंटे में मुख्य आरोपी विशाल गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा आरोपी होकम गुर्जर फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
