किशनगंज, 14 अप्रैल (हि.स.)।किशनगंज जिले के ठाकुरगंज-बहादुरगंज राष्ट्रीय राजमार्ग 327ई पर ओवरलोड ईंट लदे ट्रकों का जमावड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। सुखानी थाना क्षेत्र अंतर्गत गंभीरगढ़ हाईवे का सर्विस रोड इन दिनों ओवरलोड ट्रकों के अस्थायी ठहराव का ‘सेफ जोन’ बन गया है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार इंट्री माफिया के इशारे पर यह पूरा सिलसिला संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा है, जिससे सड़क सुरक्षा के साथ-साथ सरकारी राजस्व को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है। बताया जाता है कि दोपहर एक बजे के बाद से ही गंभीरगढ़ इलाके के सर्विस रोड पर दर्जनों ईंट लदे भारी ट्रक खड़े होने लगते हैं। ये ट्रक कथित तौर पर माफिया से ‘सिग्नल’ मिलने का इंतजार करते रहते हैं। देर रात तक ट्रकों का जमावड़ा बना रहता है और तड़के करीब चार बजे इंट्री मिलने के बाद ये ट्रक काफिले के रूप में पश्चिम बंगाल की ओर रवाना हो जाते हैं। ओवरलोडिंग के कारण इन ट्रकों के संतुलन बिगड़ने का खतरा बना रहता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बढ़ रही है। भारी वाहनों की लंबी कतारों से यातायात भी प्रभावित होता है और छोटे वाहनों के चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा ओवरलोड ट्रकों से सड़कें भी तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही हैं। ओवरलोड वाहनों के संचालन से सरकार को राजस्व की भी भारी क्षति हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने बड़े पैमाने पर ओवरलोड ट्रकों का संचालन होने के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जो कई सवाल खड़े करता है।जागरूक नागरिकों ने प्रशासन से इस मामले में तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस अवैध धंधे पर रोक नहीं लगाई गई, तो सड़क हादसों में बढ़ोतरी के साथ-साथ सरकारी राजस्व की क्षति भी जारी रहेगी। यह मामला न केवल सड़क सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर है, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा कर रहा है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस दिशा में क्या कदम उठाता है और ओवरलोड ट्रकों के इस नेटवर्क पर कब तक लगाम लगती है।हिन्दुस्थान समाचार/धर्मेन्द्र सिंह

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह
