उरई, 21 मार्च (हि.स.)। उरई कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जेल में तैनात एक महिला कर्मचारी के साथ युवक ने शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपित ने न सिर्फ उसे टरकाया, बल्कि अब परिवार सहित जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया है। पीड़ित ने एसपी को शिकायती पत्र देकर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

पीड़िता ने शनिवार काे पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके पति कारागार विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे, जिनकी वर्ष 2019 में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उन्हें अनुकंपा नियुक्ति के तहत जेल विभाग में नौकरी मिली थी। फिलहाल वह विधवा हैं और अपने परिवार के साथ शहर कोतवाली क्षेत्र में रहती हैं। उसी मोहल्ले में रहने वाले एक युवक ने उन्हें शादी का झांसा देकर पहले तो उनसे संपर्क बढ़ाया और फिर कई बार शारीरिक संबंध बधाए। जब उसने शादी का दबाव बनाया तो युवक ने उनसे गाली-गलौज करना शुरू कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। महिला का आरोप लगाया कि बीते 15 मार्च को आरोपित घर में घुसा और तमंचा उनकी कनपटी पर रखकर दुष्कर्म किया। जब उन्होंने शोर मचाया तो उनकी बहन भी वहां आ गई। इसके बाद आरोपित ने उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। इस मामले में पुलिस में शिकायत की।
पीड़िता का कहना है कि आरोपित युवक के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसी वजह से आज वह उनसे न्याय की गुहार लगाने के लिए पहुंची थी। पीड़ित ने एसपी को शिकायती पत्र देकर आरोपित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। फिलहाल, पीड़िता के बयान और साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। शहर कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले में कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा
