
सूरजपुर, 02 फ़रवरी (हि.स.)। बेईमानीपूर्वक अमानत में खयानत के एक संगठित मामले का खुलासा करते हुए थाना सूरजपुर पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से सरिया बिक्री की रकम से खरीदे गए ट्रक सहित कुल तीन ट्रक जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ 50 लाख रुपये बताई जा रही है।

पांच राज्यों के विभिन्न जिलों के टोल प्लाजा और प्रमुख स्थानों की सीसीटीवी फुटेज तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपित तक पहुंचने में पुलिस को सफलता मिली।
डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने साेमवार काे जानकारी देते हुए बताया कि 14 जनवरी 2026 को ग्राम नयनपुर निवासी अमित पाण्डेय ने थाना सूरजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि यूबी वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड, प्लॉट नयनपुर से ट्रक क्रमांक यूपी 61 एटी 2832 में 30 टन 160 किलो सरिया भदौरी (उत्तरप्रदेश) भेजा गया था। ट्रक चालक राहुल सिंह यादव द्वारा बेईमानीपूर्वक अमानत में खयानत करते हुए लगभग 15 लाख 23 हजार 908 रुपये कीमत का सरिया गायब कर दिया गया। इस रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 23/2026 धारा 316(3) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में थाना सूरजपुर पुलिस ने मामले की गंभीरतापूर्वक जांच शुरू की। पतासाजी के दौरान उत्तरप्रदेश के जिला चित्रकूट के भरतकूप थाना क्षेत्र से संबंधित ट्रक बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपित चालक द्वारा वाहन स्वामी को दिया गया आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस फर्जी व कूटरचित थे।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छत्तीसगढ़, उत्तरप्रदेश, बिहार, झारखंड और मध्यप्रदेश के कई जिलों में लगातार पतासाजी की गई। इसके बाद पुलिस ने बरगवां, जिला सिंगरौली (मध्यप्रदेश) में दबिश देकर मुख्य आरोपित को पकड़ा। पूछताछ में उसकी असली पहचान मनीष यादव पिता रामलखन यादव उर्फ अरुण सिंह, निवासी डागा बरंगवा जिला सिंगरौली तथा स्थायी निवासी ग्राम पोड़ी, थाना मझौली जिला सीधी (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी सूरज सोनी और अन्य के साथ मिलकर लोड सरिया को सतना ले जाकर मनीष सिंह परिहार को 12 लाख रुपये में बेच दिया। इस रकम से सेकेंड हैंड ट्रक और मोबाइल खरीदे गए। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपित सूरज सोनी निवासी कोलगंवा, जिला सतना तथा मनीष सिंह परिहार निवासी बदखर, थाना कोलगंवा जिला सतना को भी गिरफ्तार किया। जांच में यह भी सामने आया कि सूरज सोनी ने सरिया बिक्री से मिली रकम से अपने ट्रक की किस्त चुकाई थी, जबकि मनीष सिंह परिहार ने सरिया खरीदकर उसका उपयोग कर लिया।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर एक ट्रक क्रमांक सीजी 06 जीएक्स 9288 (कीमत लगभग 40 लाख रुपये), ट्रक क्रमांक सीजी 22 एजी 7678 (कीमत लगभग 65 लाख रुपये), कूटरचित दस्तावेज, मूल ड्राइविंग लाइसेंस, आधार-पैन कार्ड, वाहन विक्रय दस्तावेज तथा तीन मोबाइल फोन जब्त किए। मामले में बीएनएस की कई धाराएं जोड़ते हुए तीनों आरोपितों को विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सूरजपुर विमलेश दुबे, एसआई एस.आर. भगत, एएसआई देवनाथ चौधरी सहित आरक्षक जितेन्द्र पटेल, इमरान खान, जयप्रकाश सिंह, चन्द्रप्रकाश साहू, कामेश्वर टोप्पो और सफेन्दर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह
