बांदा, 02 फ़रवरी (हि.स.)।

उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में पैलानी तहसील अंतर्गत ग्राम निवाईच स्थित पैतृक अविभा फार्म हाउस पहुंचकर सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निजी सचिव ओम प्रकाश सिंह की माता स्वर्गीय मानवती को श्रद्धांजलि अर्पित की। उपमुख्यमंत्री स्टाफ कार द्वारा शाम 5.03 बजे गांव पहुंचे और स्वर्गीय मानवती के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया।
इस अवसर पर जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने भी प्रधानमंत्री के निजी सचिव की माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
उपमुख्यमंत्री ने ओम प्रकाश सिंह एवं उनके बड़े भाई, शिक्षक शिव प्रकाश सिंह से मुलाकात कर पारिवारिक कुशलक्षेम जाना और उन्हें ढांढस बंधाया।
उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय मानवती का 23 जनवरी को बीमारी के चलते निधन हो गया था। इससे पूर्व उनके पति शिव बली सिंह, जो सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य रह चुके थे, का भी करीब पांच माह पहले बीमारी के कारण निधन हो चुका है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के उपरांत उपमुख्यमंत्री से पार्टी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भेंट की। इनमें पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जगराम सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष लवलेश सिंह, भाजपा नेता संतोष गुप्ता, बलराम सिंह कछवाह, नीरज सिंह, अरविंद सिंह चंदेल सहित अन्य नेता मौजूद रहे। उपमुख्यमंत्री ने अपने निजी ओएसडी, खप्टिहाकला निवासी अमित द्विवेदी से संक्षिप्त बातचीत के बाद शाम 5.19 बजे निवाईच–पपरेंदा मार्ग से लखनऊ के लिए प्रस्थान किया।
इस दौरान भाजपा नेता अरविंद सिंह चंदेल, हिम्मत सिंह, राकेश बाबा, तहसीलदार पैलानी राधेश्याम सिंह, एसडीएम सदर नमन मेहता, सीओ सदर राजवीर सिंह गौर, नायब तहसीलदार मोहम्मद मुस्तकीम एवं वेद प्रकाश, थाना प्रभारी पैलानी राजेश वर्मा, थाना प्रभारी जसपुरा अनिल कुमार तथा डॉ. एस.पी. सिंह सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री के आगमन पर यातायात व्यवस्था सख्त
उपमुख्यमंत्री के निवाईच आगमन को लेकर प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए। पपरेंदा अमलोर मोड़, नरी मोड़ एवं पैलानी डेरा पर उपनिरीक्षकों की तैनाती कर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई और बैरिकेडिंग की गई। इस दौरान बांदा-हमीरपुर मार्ग पर सैकड़ों वाहन खड़े रहे। उपमुख्यमंत्री के प्रस्थान के बाद ही यातायात सामान्य हो सका। हालांकि एंबुलेंस एवं इलाज के लिए जा रहे मरीजों के निजी वाहनों को प्रशासनिक टीम द्वारा आवागमन की अनुमति दी गई
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह
