बलरामपुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया, अर्थात अक्षय तृतीया, के पावन अवसर पर भगवान परशुराम के अवतरण दिवस को बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में ब्राह्मण समाज ने श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता के संदेश के साथ मनाया। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठान, भव्य माेटरसाइकिल रैली और प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

रविवार सुबह कन्हर नदी तट स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। विप्र समाज के लोगों ने भगवान परशुराम की आराधना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
पूजन के उपरांत नगर में गाजे-बाजे के साथ भव्य माेटरसाइकिल रैली निकाली गई। रैली प्राचीन शिव मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से गुजरती हुई पुनः मंदिर परिसर में आकर समाप्त हुई। रैली के दौरान पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल रहा। विभिन्न स्थानों पर समाज के लोगों द्वारा जलपान की व्यवस्था भी की गई, जिससे सामाजिक सौहार्द और सहभागिता का संदेश देखने को मिला।
कार्यक्रम के अगले चरण में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और प्रतिभाओं को ब्राह्मण समाज के वरिष्ठजनों द्वारा अंगवस्त्र और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। साथ ही समाज के सक्रिय और सहयोगी वरिष्ठ सदस्यों को भी सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय
