उत्तर दिनाजपुर, 14 अप्रैल (हि. स.)। जिले के चोपड़ा थाना क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार जाकिर अबेदिन की चुनावी रैली पर हमले के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। घटना मंगलवार को मझियाली ग्राम पंचायत क्षेत्र में हुई है।

बताया जा रहा है कि जब विश्वासटोली गांव से गुजरते समय उम्मीदवार के काफिले और बाइक रैली पर अचानक ईंट-पत्थर फेंके गए। इस हमले में कई कार्यकर्ता घायल हो गए। घटना की सूचना पाकर आईसी केशव बड़ाल भारी पुलिस बल और केंद्रीय बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।
इधर, आरोपित तृणमूल कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उम्मीदवार जाकिर अबेदिन और ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद नसीर उद्दीन गांव में ही धरने पर बैठ गए।
कांग्रेस उम्मीदवार जाकिर अबेदिन का आरोप है कि अनुमति लेकर शांतिपूर्ण रैली निकाली जा रही थी, तभी तृणमूल समर्थित असामाजिक तत्वों ने अचानक हमला कर दिया।
उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
