नई दिल्ली, 14 अप्रैल (हि.स.)। बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां कुछ नाबालिगों ने एक दूसरे नाबालिग की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में तीन नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने मंगलवार काे बताया कि 13 अप्रैल को थाना सुल्तानपुरी में पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी, जिसमें सूचना दी गई कि ई-2/238, सुल्तानपुरी निवासी एक लड़के को चाकू मार दिया गया है। घायल अवस्था में उसे तुरंत संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में सामने आया कि मृतक का अपने ही इलाके के कुछ लड़कों से पहले से मामूली बातों को लेकर विवाद चल रहा था, जिसकी कभी पुलिस में शिकायत नहीं की गई। घटना वाले दिन शाम को मृतक का सामना नाबालिग आरोपितों से हो गया। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गई। इस झगड़े के दौरान आरोपितों ने पीड़ित पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस उपायुक्त के अनुसार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग आरोपितों को पकड़ लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है और घटना में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं।
इस संबंध में थाना सुल्तानपुरी में एफआईआर संख्या 216/26 धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
