फिरोजाबाद, 06 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद के थाना पचोखरा क्षेत्र अन्तर्गत बृहस्पतिवार देर रात रोडवेज बस की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार विद्युत कर्मी की मौत हो गई। जबकि उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।

घटना थाना पचोखरा क्षेत्र अन्तर्गत गांव सिकरारी के पास हुई। देर रात थाना टूंडला क्षेत्र के गांव गढ़ी जाफर निवासी रिंकू अपने साथी शिवम निवासी नगला सिंघी, टूंडला के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर टूंडला की ओर आ रहे थे। इसी दौरान थाना पचोखरा क्षेत्र अन्तर्गत टूंडला से एटा जा रही एक रोडवेज बस ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पचोखरा पुलिस ने घायलों को तत्काल एफएच मेडिकल कॉलेज भिजवाया। उपचार के दौरान शिवम की मौत हो गई। बताया गया है कि शिवम बिजली विभाग में कार्यरत था। घटनास्थल से पुराने बिजली के मीटर भी बरामद हुए हैं, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों युवक मीटर बदलने का काम कर रहे थे। रोडवेज बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस की पहचान कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष अमित तोमर ने जानकारी दी कि हादसे में घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। जहां उपचार के दौरान शिवम की मौत हो गई है।
——–
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़
