
अनूपपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर के राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र के जरही गांव में बुधवार को एक महिला का शव उसके घर के अंदर बिस्तर पर मिला। पुलिस ने प्राथमिक जांच में इसे स्वाभाविक मौत बताया है। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

नहीं मिले चोट के निशान
थाना प्रभारी पी.सी. कोल ने बताया कि महिला की मौत मंगलवार दोपहर को ही हो गई थी। परिजनों की ओर पुलिस को सूचना बुधवार सुबह दी गई। शुरुआती जानकारी के आधार पर हत्या की आशंका जताई गई थी, लेकिन शहडोल से आई एफएसएल और फिंगरप्रिंट टीम की जांच में शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले। पोस्टमार्टम के दौरान भी डॉक्टरों ने हत्या की पुष्टि नहीं की। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
कई दिनों से नहीं खाया खाना
थाना प्रभारी के अनुसार, मृतिका 45 वर्षीय शगुनी बाई पति प्रीतम सिंह, जरही निवासी, शराब पीने की आदी थीं और पिछले तीन-चार दिनों से खाना नहीं खा रही थीं। मंगलवार को वह अपने बिस्तर पर थीं, जबकि उनके पति प्रीतम खलिहान में काम करने गए थे। शगुनी बाई का मायका भी घटनास्थल से लगभग 50 मीटर दूर ही था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा मौत का कारण
थाना प्रभारी पी.सी. कोल ने बताया कि दोपहर में उनके बेटे ने उन्हें खाना खाने के लिए उठाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठीं। इसके बाद बेटे ने अपने नाना-नानी सहित अन्य परिजनों को घटना की सूचना दी, जिसमें शाम हो गई। बुधवार सुबह परिजनों ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस ने एफएसएल और फिंगरप्रिंट टीम को बुलाकर जांच पड़ताल की। अंधेरे में महिला की गर्दन पर एक लाल निशान दिखा था, जिससे हत्या की आशंका हुई, लेकिन जांच करने पर वह पपड़ीनुमा परत निकली। पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला
