

गोरखपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार शाम पिपराइच क्षेत्र के लुहसी गांव जाकर, गोरक्षपीठ के अनन्य भक्त रहे मारकंडेय यादव के ब्रह्मभोज कार्यक्रम में शामिल हुए और अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

उल्लेखनीय है कि, मारकंडेय यादव का एक अप्रैल को निधन हो गया था। दो अप्रैल को उनके पैतृक गांव लुहसी पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वर्गीय यादव के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए थे। गुरुवार को उनके ब्रह्मभोज कार्यक्रम में भी सीएम श्रद्धांजलि देने पहुंचे। उन्होंने मारकंडेय यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए गुरु गोरखनाथ से प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय यादव के परिजनों को ढांढस भी बंधाया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय
