भुवनेश्वर, 21 मार्च (हि.स.)। बीजू जनता दल (बीजेडी) के विधायक सारदा प्रसन्न जेना ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसके “जिद्दी और अड़ियल रवैये” के कारण विधानसभा की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल पा रही है।

जेना ने कहा कि एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से जुड़े हालिया घटनाक्रम पर सरकार ठोस कदम उठाने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार मेडिकल सुपरिटेंडेंट को बचाने की कोशिश कर रही है, जबकि कार्रवाई केवल निचले स्तर के कर्मचारियों तक सीमित रखी गई है।
उन्होंने आगे कहा कि न तो स्वास्थ्य मंत्री से इस्तीफा लिया गया है और न ही संबंधित सुपरिटेंडेंट के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई की गई है, जिससे सरकार की मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बीजेडी विधायक ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से विरोध कर रही है। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर ऐसी स्थिति पैदा कर रही है, जिससे विधानसभा की कार्यवाही बाधित रहे।
जेना ने मांग की कि मामले में निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि जवाबदेही सुनिश्चित हो सके और सदन की कार्यवाही सामान्य रूप से संचालित हो सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो
