सिवनी, 02 फरवरी(हि.स.)। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के लिए नियुक्त रोल प्रेक्षक, सचिव परिवहन विभाग एवं मध्यप्रदेश सुगम परिवहन सेवा निगम के प्रबंध निदेशक मनीष सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर पुनरीक्षण कार्य की विस्तृत समीक्षा की।

रोल प्रेक्षक मनीष सिंह ने विधानसभा-वार प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं की संख्या, लिंगानुपात एवं ईपिक रेशियो का अवलोकन करते हुए कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा है। उन्होंने 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के सभी पात्र युवाओं के नाम अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में जोड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि एसआईआर के दौरान जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पाई है अथवा जिनके एन्यूमेरेशन फॉर्म जमा नहीं हो सके हैं, उनकी सुनवाई के दौरान दस्तावेजों का परीक्षण कर पात्र पाए जाने पर नाम सूची में शामिल किए जाएं। साथ ही सभी राजनैतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
बैठक में जानकारी दी गई कि 23 दिसंबर 2025 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार सिवनी जिले में कुल 10 लाख 57 हजार 576 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 5 लाख 33 हजार 935 पुरुष, 5 लाख 23 हजार 630 महिला एवं 11 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। जिले में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 12 हजार 332 युवा मतदाता दर्ज हैं।
बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शीतला पटले, एसडीएम सिवनी श्रीमती पूर्वी तिवारी, एसडीएम बरघाट संदीप श्रीवास्तव सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रवि सनोदिया
